कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर स्थित शिवनगर में शनिवार देर शाम 12 साल के छात्र की मौत हो गई। स्कूल से लौटने के बाद छोटे भाई से झगड़ा होने पर मां ने उसे डांट दिया था। कुछ देर बाद मां कमरे में पहुंचीं तो बेटा फंदे पर लटका मिला। बेटे को इस हालत में देखकर मां की चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। छात्र के पिता घरों में पुताई का काम करते हैं। परिवार किराये के मकान में रहता है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मां की डांट से नाराज होने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। स्कूल से लौटने के बाद छोटे भाई से हुआ झगड़ा शिवनगर में आफताब खान पत्नी अफसाना और दो बेटों के साथ जफर हुसैन के मकान में किराये पर रहते हैं। उनका बड़ा बेटा अदनान 12 साल का था, जबकि छोटा बेटा अफान छह साल का है। अफसाना के मुताबिक, शनिवार को दोनों बच्चे स्कूल से लौटे तो उनके बीच झगड़ा होने लगा। इस पर उन्होंने अदनान को डांट दिया। मां ने गुस्से में कहा कि अगर दोनों रोज झगड़ेंगे तो वह छोटे बेटे को लेकर चली जाएंगी और अदनान को घर पर अकेले रहना पड़ेगा। कमरे में पहुंचीं मां तो फंदे पर लटका मिला बेटा बेटे को डांटने के बाद अफसाना घर के काम में लग गईं। इसी बीच अदनान कमरे में चला गया। कुछ देर बाद मां उसे बुलाने पहुंचीं तो वह फंदे पर लटका मिला। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि शुरुआती जांच में मां की डांट से नाराज होकर छात्र के यह कदम उठाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

