‘अजित दादा के जाने के बाद भाजपा ने चुराया वित्त मंत्रालय’, सुनेत्रा पवार को लेकर शरद गुट का बड़ा दावा

‘अजित दादा के जाने के बाद भाजपा ने चुराया वित्त मंत्रालय’, सुनेत्रा पवार को लेकर शरद गुट का बड़ा दावा

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में वित्त मंत्री पद को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP SP) के विधायक रोहित पवार ने भाजपा (BJP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को राज्य का वित्त मंत्री नहीं बनाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अजित पवार के निधन के बाद भाजपा ने यह महत्वपूर्ण पद ‘चोरी’ कर लिया है। रोहित पवार के इस बयान से सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर विभागों के बंटवारे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

रोहित पवार ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भाजपा की राजनीति को अच्छी तरह समझते हैं, इसलिए उससे दूरी बनाकर रखते हैं। उन्होंने कहा, “उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को कभी भी वित्त मंत्रालय का प्रभार नहीं मिलेगा। मैं बीजेपी की राजनीति और उनकी नीयत को बहुत अच्छी तरह पहचानता हूं… यही वजह है कि मैं बीजेपी से दूरी बनाकर रखता हूं। अजित पवार के जाने के बाद बीजेपी ने चालाकी से वित्त मंत्रालय अपने कब्जे में ले लिया है।”

शरद पवार के पोते रोहित पवार ने यह भी कहा कि कद्दावर नेता अजित पवार को उनकी अपनी पार्टी और भाजपा, दोनों की ओर से उचित न्याय नहीं मिल सका।

9 महीने बाद भी एनसीपी को नहीं मिला वित्त मंत्रालय

दिवंगत अजित पवार महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री के साथ ही वित्त मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। उन्हें इस साल मार्च में राज्य का बजट पेश करना था, लेकिन 28 जनवरी को बारामती में विमान दुर्घटना में उनके निधन के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव आया।

इसके बाद अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बजट पेश करने की जिम्मेदारी को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वित्त मंत्रालय अपने पास रखा। तब उन्होंने कहा था कि बजट के बाद सही समय पर वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी सुनेत्रा पवार किउ अगुवाई वाली एनसीपी को सौंप दी जाएगी। हालांकि, अब तक वित्त मंत्री का पद एनसीपी को वापस नहीं मिला है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सुनेत्रा पवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री तथा भाजपा आलाकमान के सामने वित्त मंत्रालय पार्टी को देने की मांग कई बार रखी थी। इसके बावजूद अब तक इस संबंध में फैसला नहीं हुआ है।

‘मैं भाजपा को अच्छी तरह पहचानता हूं’

वित्त मंत्रालय को लेकर शरद गुट के नेता रोहित पवार ने भाजपा की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार को वित्त मंत्री पद मिलने की संभावना नहीं है। कर्जत से विधायक रोहित पवार ने आरोप लगाया कि अजित पवार के निधन के बाद भाजपा ने वित्त मंत्री का पद ‘चुरा’ लिया। जो वह वापस नहीं करने वाली है। उन्होंने कहा कि अजित पवार को उनकी अपनी पार्टी और भाजपा, दोनों से न्याय नहीं मिला।

बता दें कि पिछले 9 महीनों से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास वित्त मंत्रालय रहने के कारण यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार उपमुख्यमंत्री बनीं, लेकिन वित्त मंत्रालय अब तक उन्हें नहीं मिला है।

अब रोहित पवार के बयान के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या भविष्य में वित्त मंत्रालय राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को सौंपा जाएगा या भाजपा इसे अपने पास ही रखेगी। इस मामले पर अब तक महायुति सरकार या भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *