आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक स्थित ओम ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो सोनारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद की हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब चोरी के आभूषणों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 24/25 सितंबर 2026 की रात निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक स्थित ओम ज्वेलर्स का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए थे। मामले में निजामाबाद थाने में मुकदमा संख्या 240/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पांच चोरों की गिरफ्तारी के बाद सामने आए सोनारों के नाम
चोरी की घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में 16 अक्टूबर को तरवां और निजामाबाद थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से करीब 9.3 किलोग्राम चांदी के आभूषण, अवैध असलहे-कारतूस, चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और चोरी के आभूषण बेचकर मिले पैसों से खरीदी गई बिना नंबर प्लेट की अर्टिगा कार बरामद की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो सोनारों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई थी। मोहम्मदपुर नहर पुलिया से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी के आभूषण खरीदने वाले दोनों सोनार मोहम्मदपुर नहर पुलिया के पास मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की चार चांदी की पायल बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम प्रकाश खत्री (46) पुत्र दीनानाथ खत्री, निवासी धुंधी कटरा, थाना कोतवाली शहर, जनपद मिर्जापुर और आशीष सोनी (27) पुत्र सुरेश सोनी, निवासी कोरांव, थाना कोरांव, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि सुनील पुत्र छोटक, निवासी तेंदुआ खुर्द, थाना लालगंज, जनपद मिर्जापुर उनके यहां चोरी के आभूषण बेचता था। करीब 15 दिन पहले भी उसने चोरी के आभूषण बेचे थे और वाहन खरीदने के नाम पर अग्रिम धनराशि ली थी। शेष आभूषण देने के लिए उसने उन्हें आजमगढ़ बुलाया था, लेकिन यहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि सुनील जेल जा चुका है। पुलिस अब चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य तथ्यों और इसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

