मुरादाबाद। लाइनपार स्थित रामलीला मैदान में इन दिनों रामलीला का मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। रामलीला में कलाकार अपने अभिनय से लोगों का दिल जीत रहे हैं। इन्हीं कलाकारों में 16 वर्षीय अशेष अग्रवाल भी शामिल हैं, जो इस बार राजा जनक और विभीषण की भूमिका निभा रहे हैं। कम उम्र में दो अलग-अलग किरदारों को बखूबी निभाने के लिए दर्शक उनके अभिनय को काफी पसंद कर रहे हैं। मानसरोवर कॉलोनी निवासी अशेष अग्रवाल के पिता अरुण कुमार गुप्ता व्यवसायी हैं, जबकि उनके बड़े भाई अध्यांत अग्रवाल एमबीए की पढ़ाई कर रहे हैं। अशेष फिलहाल कक्षा 11वीं के छात्र हैं। उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक है। इसी शौक के चलते वह पिछले छह वर्षों से रामलीला में छोटे-छोटे किरदार निभाते आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने छोटे हनुमान की भूमिका भी निभाई। उनके अभिनय को देखते हुए इस बार उन्हें राजा जनक और विभीषण जैसे महत्वपूर्ण किरदार निभाने का अवसर मिला है। मां चाहती हैं पढ़ाई पर दें ध्यान, पिता और भाई कर रहे सहयोग अशेष के लिए पढ़ाई के साथ रामलीला में अभिनय करना आसान नहीं है। उन्होंने बताया कि अपने दोनों किरदारों को बेहतर तरीके से निभाने के लिए वह रोजाना पांच से छह घंटे देते हैं। इसके बाद जो समय बचता है, उसमें पढ़ाई करते हैं। शाम करीब छह बजे से वह मंचन की तैयारी शुरू कर देते हैं। किरदार के अनुसार खुद को तैयार करना और संवादों को याद रखना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया है। स्कूल में शिक्षक और दोस्त भी करते हैं सराहना अशेष ने बताया कि जब वह स्कूल जाते हैं तो उनके दोस्त और शिक्षक उन्हें सम्मान की नजर से देखते हैं। रामलीला में उनके अभिनय की सराहना भी करते हैं। इससे उनका उत्साह बढ़ता है। वह आगे चलकर अभिनय के क्षेत्र में ही अपना करियर बनाना चाहते हैं।

