फतेहपुर में विकास भवन स्थित जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय में गुरुवार को हुए हाईवोल्टेज ड्रामे और आत्मदाह के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीपीआरओ राम शंकर वर्मा की तहरीर पर सदर कोतवाली में कांग्रेस नेता जब्बर सिंह और त्रितोष गुप्ता के खिलाफ शुक्रवार के रात एफआईआर (मुकदमा) दर्ज कर ली गई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद गाजीपुर ग्राम पंचायत में सरकारी दुकानों के आवंटन में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायत से जुड़ा हुआ है। इसी मामले को लेकर कांग्रेसी नेताओं और उनके समर्थकों ने डीपीआरओ कार्यालय में जोरदार हंगामा किया था। देखते ही देखते विरोध-प्रदर्शन उग्र हो गया और कार्यालय परिसर में आत्मदाह की कोशिश की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई डीपीआरओ राम शंकर वर्मा का आरोप है कि नेताओं ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ कार्यालय का माहौल खराब करने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीपीआरओ की ओर से दी गई लिखित तहरीर के आधार पर सदर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही विकास भवन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साक्ष्यों व वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं पर मुकदमा दर्ज होने के बाद स्थानीय राजनीति भी गरमा गई है।कोतवाली प्रभारी हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। आपको बता दें कि कांग्रेस नेता पर पहले से 13 मुकदमा दर्ज है। जिसकी जांच भी की जा रही है।

