यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा प्रमुख मायावती ने चुनावी सर्वे को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवादी मीडिया और सोशल मीडिया धनबल के सहारे फेक सर्वे के जरिए बसपा को कमजोर दिखाने और लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ऐसे प्रचार से सावधान रहने और पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बसपा अच्छे और दमदार उम्मीदवारों के चयन के साथ जमीनी तैयारियों में जुटी है। इसी बीच पार्टी के खिलाफ कथित तौर पर भ्रामक सर्वे और प्रचार शुरू कर दिया गया है। उन्होंने इसे दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। 2007 की जीत का दिया उदाहरण बसपा प्रमुख ने कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी को कमतर दिखाना और उसके खिलाफ मिथ्या प्रचार करना कोई नई बात नहीं है। उनके मुताबिक, मीडिया के एक वर्ग ने 2007 के विधानसभा चुनाव में भी बसपा को कम करके आंका था, लेकिन पार्टी ने सभी कयासों को गलत साबित करते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। मायावती ने दावा किया कि उस समय बसपा सरकार ने कानून के राज की स्थापना और ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति के जरिए सभी वर्गों के हित में काम किया था। सर्वसमाज से बसपा के साथ आने की अपील मायावती ने सपा और भाजपा की सरकारों से त्रस्त सर्वसमाज, खासकर बहुजन समाज के लोगों से विरोधी दलों के कथित दुष्प्रचार से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि विरोधी दल साम, दाम, दंड, भेद सहित तमाम हथकंडे अपना सकते हैं। उन्होंने समर्थकों से अपनी पार्टी के नेतृत्व में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने के लिए लगातार मेहनत करने को कहा। मायावती के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के जनाधार को एकजुट करने और चुनावी तैयारियों के बीच कार्यकर्ताओं में उत्साह बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा सकता है। एक दिन पहले ही मायावती ने आकाश चुनावी प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है मायावती ने एक दिन पहले ही पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक एवं अपने भतीजे आकाश आनंद को यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में अगले दो महीने में होने वाले 7 रैलियों की जिम्मेदारी सौंपी है। बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद का कार्यक्रम पार्टी के केंद्रीय कार्यालय की ओर से जारी किया गया है। इसके मुताबिक, 28 अक्टूबर को बुलंदशहर के अनूपशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर के नकुड़, 20 नवंबर को अयोध्या के बीकापुर, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर के बिल्हौर में जनसभा होगी। इसके अलावा 26 नवंबर को पंजाब और 6 दिसंबर को उत्तराखंड के हरिद्वार में सभा प्रस्तावित है। पंजाब में सभा का स्थान अभी तय नहीं हुआ है। ————— ये खबर भी पढ़ें- बसपा के प्रचार अभियान को धार देंगे आकाश:यूपी की 5 सीटों के साथ पंजाब और उत्तराखंड में भी करेंगे रैली, मायावती ने मैदान में उतारा बसपा में चौथी बार वापसी के बाद आकाश आनंद एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरने जा रहे हैं। पार्टी प्रमुख मायावती ने उन्हें उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में जनसभाओं की जिम्मेदारी सौंपी है। अगले दो महीने में आकाश की 7 सभाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा कई विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी भी अपने यहां उनकी सभा कराने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आकाश आनंद की सक्रियता बढ़ने के संकेत हैं। पढ़ें पूरी खबर…

