सलूम्बर नगर परिषद की पहली बैठक:रावण दहन स्थल का वोटिंग से फैसला, रावण मंगरी को 13 और खेल मैदान को 12 वोट मिले

सलूम्बर नगर परिषद की पहली बैठक:रावण दहन स्थल का वोटिंग से फैसला, रावण मंगरी को 13 और खेल मैदान को 12 वोट मिले

सलूंबर नगर परिषद के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक में ही रावण दहन स्थल को पार्षद आमने-सामने हो गए। शुक्रवार देर शाम हुई बैठक में परंपरागत स्थल रावण मंगरी और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजन कराने को लेकर भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों में बहस हो गई। जिसके बाद मतदान कराया गया, जिसमें रावण मंगरी के पक्ष में 13 और खेल मैदान के समर्थन में 12 मत पड़े। एक मत के अंतर से रावण मंगरी का पक्ष आगे रहा। बैठक सभापति नरेश जैन की अध्यक्षता में हुई। इसमें विधायक शांता देवी मीणा,उपसभापति डॉ. लव व्यास और पार्षद मौजूद रहे। सभापति ने सुरक्षा के आधार पर खेल मैदान का किया समर्थन सभापति नरेश जैन ने कहा कि रावण दहन स्थल को लेकर दोनों पक्षों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन दिए हैं।उन्होंने रावण मंगरी पर बड़े आयोजन के दौरान सुरक्षा संबंधी चुनौतियों की आशंका जताते हुए खेल मैदान में आयोजन कराने की पैरवी की। उनके अनुसार पूर्व में भी खेल मैदान में रावण दहन के आयोजन हुए हैं। भाजपा पार्षदों ने उठाई परंपरा और विकास की मांग भाजपा पार्षद अखिलेश बाहेती ने रावण मंगरी को अतिक्रमण मुक्त कराने, प्रकाश व्यवस्था सुधारने और पौधरोपण सहित विकास कार्य करवाने की मांग की। उन्होंने स्थल को मोती मंगरी की तर्ज पर विकसित कर पर्यटन स्थल बनाने की बात भी उठाई। पार्षद कैलाश गांधी ने कहा कि आयोजन स्थल पर निर्णय लेने से पहले सभी सदस्यों के बीच सहमति बनाने का प्रयास होना चाहिए था। वहीं, पार्षद अंसार अहमद ने परंपरा कायम रखने के लिए रावण मंगरी पर ही आयोजन कराने की पैरवी की। मतदान में एक वोट का अंतर उपसभापति डॉ. लव व्यास ने कहा कि स्थल का चयन नगरहित, सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखकर होना चाहिए। बैठक में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद कार्यवाहक आयुक्त एवं उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया ने हाथ उठाकर मतदान कराया। खेल मैदान के पक्ष में 12 और रावण मंगरी के पक्ष में 13 मत आए। बैठक में सभापति नरेश जैन, उपसभापति डॉ. लव व्यास, विधायक शांता देवी मीणा सहित अखिलेश बाहेती, राजकुंवर, मोहम्मद नूर, मंजू मीणा,नारायणलाल, कैलाश चंद्र, रामचंद्र, टीना, शांतिलाल, प्रियंका तेली, महेश गर्ग, नरेश कुमार, शौकत अली, कला जैन, जहीर खां, ज्योति देवी, अर्चना वैष्णव, चंदा सेन, जयप्रकाश मेघवाल, अंसार अहमद, रानी बानो और मीनाक्षी देवी सहित अन्य पार्षद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *