राजस्थान के कोटा से बड़ी खबर आई है। यहां शनिवार की अल सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें कई लोगों के घायल होने और 4 से 5 लोगों की मौत की सूचना है। हालांकि इस बारे में आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। हादसा सवारियों से भरी एक बस के पलटने से हुआ है।
जानकारी के मुताबिक़ हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कोटा के सिमलिया क्षेत्र के कराड़िया के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश नंबर प्लेट की मिनी बस के ड्राइवर ने अचानक से बस पर से अपना नियंत्रण खो दिया जिसके बाद बस एक्प्रेस-वे से नीचे उतरकर खाई में जा पलटी। इस बीच बस में मौजूद सवारियों के बीच हड़कंप का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने इस हादसे की सूचना नज़दीकी टोल प्लाज़ा और पुलिस को दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बस में सवार सभी यात्री भोपाल से खाटूश्यामजी में श्याम बाबा के दर्शन करने के लिए जा रहे थे।
इसके बाद एम्बुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से घायलों को नज़दीकी अस्पताल पहुँचाया गया। क्या हादसा वाहन के सामने कोई आवारा जानवर आने से हुआ या ड्राइवर को झपकी आने से वो नियंत्रण खो बैठा, इस बारे में पुलिस पड़ताल कर रही है।
नोट : खबर अभी प्रारंभिक सूचना के आधार पर है… खबर लगातार अपडेट हो रही है
सावधानी से चलाएं वाहन- हादसों का एक्सप्रेस-वे!
यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि राजस्थान के इस रूट पर लगातार जानलेवा हादसे हो रहे हैं। एक्सप्रेसवे की चमचमाती 8-लेन सड़कों पर वाहनों की अनियंत्रित गति, चालकों को अचानक झपकी आना और सामने अचानक आवारा पशुओं का आ जाना इन लगातार हादसों की मुख्य वजह बनकर उभर रहा है।
लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा और नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) के सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हाइवे पर सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए गति सीमा पर सख्त निगरानी, आवारा मवेशियों को रोकने के लिए पुख्ता फेंसिंग और वाहन चालकों के लिए जगह-जगह जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी हो गया है ताकि इस एक्सप्रेसवे को ‘सड़क हादसों का मार्ग’ बनने से रोका जा सके।

