विजयादशमी महोत्सव 2026, लोकनृत्य प्रतियोगिता में टीमों ने बांधा शमा:संभागीय प्रतियोगिता में करमा, शैला व सुगा लोक नर्तक दलों ने दी प्रस्तुति

विजयादशमी महोत्सव 2026, लोकनृत्य प्रतियोगिता में टीमों ने बांधा शमा:संभागीय प्रतियोगिता में करमा, शैला व सुगा लोक नर्तक दलों ने दी प्रस्तुति

विजय दशमी महोत्सव के तहत कलाकेंद्र मैदान में संभाग स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करमा, शैला एवं सुगा लोक नर्तक दलों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर मनमोहक एवं लयबद्ध प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, पूर्व विधायक रजनी रविशंकर त्रिपाठी, विधायक प्रबोध मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि बतौर अतिथि उपस्थित रहे। विजयी दलों को विजयदशमी समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। अलग-अलग विधाओं में दिया गया पुरस्कार प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा सभी नर्तक दलों को मनमोहक व लयबद्ध प्रस्तुति, पारंपरिक वेशभूषा व परिधान, जीवंत प्रस्तुतीकरण व अनुशासन के आधार पर अंक प्रदान किया। कर्मा व शैला लोक नृत्य वर्ग में प्रथम स्थान रामदल, भकुरा द्वितीय, महादेव शैला ग्रुप, नर्मदापारा एवं तृतीय स्थान पर आदिवासी कर्मा, पिपरखार रहे। सुगा लोक नृत्य वर्ग में प्रथम मनियारो सुगा, द्वितीय पार्वती सुगा, कंठी एवं तृतीय स्थान पर विश्वास सुगा, नर्मदापुर रहे। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 25 लोक नृत्य दलों ने अपनी प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ी माटी की पहचान हैं लोक कलाएं कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की पावन भूमि पर लोक संस्कृति की जड़ें अत्यंत गहरी हैं। करमा, शैला और सुगा जैसे पारंपरिक नृत्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह हमारी माटी की पहचान, हमारी जीवनशैली, और प्रकृति के प्रति हमारे अगाध प्रेम के जीवंत प्रतीक हैं। सिंहदेव ने कहा कि आज के इस आधुनिक युग में जब युवा अपनी जड़ों से दूर हो रहे हैं, तब ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध विरासत को सहेजने और उसे अगली पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बनते हैं। सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि विजयादशमी महोत्सव का यह भव्य आयोजन हमारी युवा पीढ़ी को उनकी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का एक विनम्र प्रयास है। लोक कलाओं के संरक्षण और संवर्धन हेतु हमारी समिति सदैव संकल्पित है। नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नगर व संपूर्ण अंचल में आपसी समरसता और भाईचारे की भावना प्रगाढ़ होती है। लोक कलाकारों का यह अपार उत्साह हमारी समृद्ध परंपराओं का सच्चा परिचायक है। कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। ये रहे उपस्थित कार्यकम में विधायक प्रबोध मिंज, जिपं अध्यक्ष निरुपा सिंह, निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, अखिलेश सोनी, अनिल सिंह मेजर, भारत सिंह सिसोदिया सहित भाजपा, कांग्रेस के जनप्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *