आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (Islamic State) के खिलाफ तुर्की (Turkey) में देशव्यापी कार्रवाई की जा रही है। आतंकवाद को बढ़ने से रोकने के लिए देशभर में सुरक्षाबल अभियान चला रहे हैं और इस आतंकी संगठन से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। इसी मामले में एक बार फिर सुरक्षाबलों ने संदिग्धों को पकड़ा है।
59 संदिग्धों को सुरक्षाबलों ने किया गिरफ्तार
तुर्की में सुरक्षाबलों ने इस्लामिक स्टेट से कनेक्शन के आरोप में 59 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। इन संदिग्धों को 22 प्रांतों से पकड़ा गया है। सुरक्षाबलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया और छापेमारी करते हुए संदिग्धों को दबोचा।
पूरे कॉर्डिनेशन के साथ की गई कार्रवाई
तुर्की के आंतरिक मंत्रालय ने जानकारी दी कि सुरक्षाबलों के इस अभियान को प्रांतीय जेंडरमेरी कमांड ने जेंडरमेरी जनरल कमांड के आतंकवाद-रोधी विभाग और स्थानीय मुख्य सरकारी वकील के कार्यालयों के साथ कॉर्डिनेशन करते हुए चलाया, जिसके तहत देशव्यापी कार्रवाई की गई।
इस्लामिक संगठन के लिए कर रहे थे काम
तुर्की के आंतरिक मंत्रालय ने जानकारी दी कि सुरक्षाबलों ने जिन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, वो इस्लामिक स्टेट के लिए काम कर रहे थे। तुर्की के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार ये लोग अलग-अलग संगठनों के ज़रिए इस्लामिक स्टेट की आर्थिक मदद कर रहे थे, सोशल मीडिया अकाउंट्स के ज़रिए आतंकी संगठन का प्रोपेगैंडा फैला रहे थे और अन्य लोगों को भी इसका हिस्सा बनाने की कोशिश कर रहे थे।
नहीं रुकेगा सुरक्षाबलों का अभियान
तुर्की के आंतरिक मंत्रालय मंत्रालय ने बताया कि देश में सुरक्षाबलों का यह अभियान नहीं रुकेगा, जिससे आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट को बढ़ने से रोका जा सके और उसकी गतिविधियों और आर्थिक नेटवर्क पर लगाम लगाईं जा सके।
खतरा अभी नहीं हुआ है खत्म
गौरतलब है कि तुर्की ने 2013 में इस्लामिक स्टेट को आतंकी संगठन घोषित किया था और तब से अब तक उसे इस ग्रुप से जुड़े या उसके द्वारा किए गए हमलों का सामना करना पड़ा है। हालांकि इस्लामिक स्टेट का तुर्की में क्षेत्रीय नियंत्रण खत्म हो चुका है, लेकिन छोटे सेल, प्रचार और फंडिंग नेटवर्क अभी भी सक्रिय हैं और ऐसे में खतरा अभी खत्म नहीं हुआ है। इन्हें रोकने के लिए तुर्की के सुरक्षाबल नियमित रूप से कार्रवाई करते हैं जिससे बड़े हमलों को रोका जा सके।

