जैसलमेर के विधायक छोटूसिंह भाटी ने क्षेत्र में नहरी जलापूर्ति की गंभीर स्थिति और किसानों की समस्याओं को लेकर सीएम भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने सीएम से किसानों की फसलों और आगामी रबी बुवाई पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए जैसलमेर के लिए निर्धारित जल वितरण व्यवस्था यथावत रखने की मांग की है। साथ ही पूर्व में हुई जलापूर्ति की कमी की भरपाई के लिए अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। विधायक भाटी ने मुख्यमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा से मुलाकात की, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत से फोन पर बातचीत की और इंदिरा गांधी नहर परियोजना के चीफ इंजीनियर अमरजीत सिंह के साथ बैठक कर जैसलमेर क्षेत्र को निर्धारित मात्रा में नहरी जल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। ‘तीन में से एक समूह’ की व्यवस्था जारी रखने की मांग
विधायक छोटू सिंह भाटी ने अपने पत्र में कहा कि जल वितरण एवं उपभोग परामर्शदात्री समिति की 28 सितंबर 2026 को आयोजित बैठक में जैसलमेर क्षेत्र के लिए पूर्व निर्धारित ‘तीन में से एक समूह’ के तहत नहरों का संचालन करने का निर्णय लिया गया था। किसानों के हित में इस निर्णय की पालना सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि 19 अक्टूबर के बाद भी यह बारी व्यवस्था जारी रहे और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल मिल सके। निर्धारित कोटे से काफी कम मिल रहा पानी
विधायक ने स्थिति को गंभीर बताते हुए अवगत कराया कि जैसलमेर क्षेत्र के लिए निर्धारित लगभग 2250 क्यूसेक जल के मुकाबले विगत 15 दिनों की अवधि में प्रथम बारी के दौरान जलापूर्ति शून्य रही। विशेष वैकल्पिक व्यवस्थाओं के बावजूद वर्तमान दूसरी बारी में लगभग 1000 क्यूसेक जल ही मिल पा रहा है, जो सिंचाई की आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। इसके अलावा, हरिके हेड से अपेक्षित 10,800 क्यूसेक जल के मुकाबले टेल फीडर डिवीजन (TFD) पर निर्धारित 10,400 क्यूसेक जल भी उपलब्ध नहीं हो सका है। विधायक बोले- किसानों की फसलें जल रही हैं
विधायक ने कहा कि पर्याप्त जलापूर्ति न होने के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं, आगामी रबी बुवाई को लेकर चिंता बढ़ गई है और किसान विरोध-प्रदर्शन करने को विवश हुए हैं। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए विधायक ने 19 अक्टूबर के बाद भी ‘तीन में से एक समूह’ के आधार पर जल वितरण जारी रखने और पूर्व की बारियों में कम हुई जलापूर्ति की भरपाई के लिए अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। इस पर मंत्री व अधिकारियों द्वारा विधायक भाटी को आश्वस्त किया गया है कि नहर विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए नहरी पानी की सप्लाई सुव्यवस्थित की जाएगी और जैसलमेर के लिए निर्धारित पानी की भी भरपाई की जाएगी।

