मऊगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे बहेराडाबर के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस चला रहा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि गनीमत यह रही कि बस में सवार अन्य सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बच गए। यात्री बस (MP17 ZS 0603) सीधी से हनुमना होते हुए गौरी की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस बहेराडाबर के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे भारी मालवाहक वाहन से उसकी सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में हनुमना निवासी बस चालक सुरेश विश्वकर्मा के हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस वाहन से पहुंचाया अस्पताल हादसे की सूचना मिलते ही मऊगंज पुलिस वाहन 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल चालक सुरेश विश्वकर्मा को तुरंत वाहन से निकालकर मऊगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मालवाहक का चालक मौके से भागा हादसा होते ही मालवाहक वाहन का चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है।

