सोनीपत पिस्तौल के बल पर वकील से 20 लाख लूटे:कार रोकने के लिए बोनट पर लटका; नीचे गिरकर हुआ घायल

सोनीपत पिस्तौल के बल पर वकील से 20 लाख लूटे:कार रोकने के लिए बोनट पर लटका; नीचे गिरकर हुआ घायल

दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में वकालत करने वाले यूपी के मेरठ निवासी वकील से मुरथल में पिस्तौल के बल पर 20 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने जीरकपुर में 200 गज का प्लॉट 40 लाख रुपये में दिलाने का झांसा देकर वकील को दिल्ली-पानीपत रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास बुलाया था। यहां आधी रकम दिखाते ही आरोपियों ने पिस्तौल तानकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी कार से भागने लगे तो वकील ने उन्हें रोकने के लिए बोनट पर लटकने का प्रयास किया, लेकिन कार दौड़ाने पर वह नीचे गिरकर घायल हो गया। मुरथल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोस्त के जरिए हुई प्लॉट के सौदे की बातचीत मेरठ के सोमदत्त विहार कॉलोनी निवासी शशांक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में वकालत करते हैं। उनकी दोस्ती दिल्ली के पहाड़गंज निवासी सोहेल से है। सोहेल की पहचान पंजाब के जीरकपुर निवासी हरप्रीत से है। शशांक के अनुसार, सोहेल ने उन्हें बताया था कि हरप्रीत जीरकपुर में नई सोसायटी में प्लॉट काट रहा है। इसके बाद प्लॉट खरीदने को लेकर हरप्रीत से उनकी बातचीत करवाई गई। 40 लाख में तय हुआ सौदा शशांक के अनुसार, हरप्रीत ने वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें 200 गज का प्लॉट दिखाया था। प्लॉट का सौदा 40 लाख रुपये में तय हुआ। आरोप है कि इसके बाद हरप्रीत ने शशांक से कहा कि वह आधी रकम लेकर मुरथल पहुंच जाए। वहां रुपये लेने के बाद उसे रसीद दे दी जाएगी। इसी भरोसे पर शशांक 20 लाख रुपये लेकर मुरथल आने के लिए तैयार हो गए। तड़के साढ़े तीन बजे दोस्त के साथ पहुंचे मुरथल शिकायत के मुताबिक, शशांक वीरवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अपने दोस्त सोहेल के साथ कार में 20 लाख रुपये लेकर मुरथल पहुंचे। दिल्ली-पानीपत रोड पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास हरप्रीत अपने दो अन्य साथियों के साथ कार में मौजूद था। यहां प्लॉट के सौदे को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि हरप्रीत ने पहले शशांक से रुपये दिखाने को कहा। इसके बाद शशांक ने अपनी कार में रखा बैग खोलकर रकम दिखाई। पिस्तौल तानकर बैग छीना शशांक का आरोप है कि रुपये देखते ही हरप्रीत के साथ आए एक युवक ने उस पर पिस्तौल तान दी और 20 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद तीनों आरोपी अपनी कार में बैठकर भागने लगे। शशांक ने उन्हें रोकने के लिए कार के बोनट पर लटकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने कार दौड़ा दी। इससे वह नीचे गिर गया और उसे चोटें आईं। आरोपी रकम लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने किया मामला दर्ज पुलिस के अनुसार, तड़के गश्त के दौरान मुरथल थाना पुलिस को पीसीआर-7 के माध्यम से इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पिस्तौल दिखाकर 20 लाख रुपये छीनने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। शशांक की शिकायत पर लूट की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *