गुरुग्राम में घर में घुसकर महिला की हत्या:हाथ बांधकर चेहरे पर टेप चिपकाई, सामान चोरी कर भागे बदमाश; बाथरूम में मिला शव

गुरुग्राम में घर में घुसकर महिला की हत्या:हाथ बांधकर चेहरे पर टेप चिपकाई, सामान चोरी कर भागे बदमाश; बाथरूम में मिला शव

गुरुग्राम जिले के गांव दौलाह में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर महिला के दोनों हाथ बांध दिए और उसके मुंह सहित पूरे चेहरे पर टेप चिपका दी। इसके बाद घर में रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया और कुछ सामान चोरी कर लिया। वारदात का पता उस समय चला, जब महिला का पति बच्चों के साथ स्कूल से घर लौटा। पत्नी को बाथरूम में मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। दोपहर में स्कूल से लौटा पति मृतका की पहचान नीतू, पत्नी प्रशांत के रूप में हुई है। प्रशांत एक निजी विद्यालय में शिक्षक है। उसने बताया कि शुक्रवार की सुबह वह अपने बच्चों को लेकर स्कूल चला गया था। दोपहर करीब दो बजे जब वह बच्चों के साथ घर पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उसने घर के भीतर जाकर देखा तो उसकी पत्नी बाथरूम में पड़ी हुई थी। उसके दोनों हाथ बंधे थे और चेहरे पर टेप चिपकी हुई थी। पत्नी की हालत देखकर उसने शोर मचाया और आनन-फानन में उसे सोहना स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया। एसीपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण महिला की हत्या की सूचना मिलते ही सोहना के सहायक पुलिस आयुक्त मुकेश यादव पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घर की स्थिति का जायजा लेते हुए वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस एसीपी मुकेश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियो के विरुद्ध मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर वारदात का पर्दाफाश किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *