श्योपुर के पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में सभी छात्र संगठनों को समान अधिकार देने की मांग पर चल रही भूख हड़ताल शुक्रवार को करीब 30 घंटे बाद खत्म हो गई। कॉलेज प्रशासन के मांगें स्वीकार करने के बाद प्राचार्य और विधायक बाबू जंडेल ने ASAP छात्र संघ के कॉलेज अध्यक्ष सौरभ गौतम और छात्र अभिषेक मीणा को जूस पिलाकर आंदोलन समाप्त कराया। इस दौरान तबीयत बिगड़ने पर सौरभ को अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर हालत में उन्हें ICU में भर्ती किया गया। सभी छात्र संगठनों को कार्यक्रम की अनुमति देने की मांग ASAP छात्र संघ की मांग थी कि कॉलेज परिसर में सभी छात्र संगठनों को समान अधिकार दिए जाएं। साथ ही, उन्हें अपने कार्यक्रम आयोजित करने के लिए नियमानुसार अनुमति मिले। संगठन ने कहा कि किसी भी छात्र संगठन के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए और सभी को अपनी बात रखने का समान अवसर मिलना चाहिए। मांगें लागू करने पर दिया जोर छात्र अभिषेक मीणा ने कहा कि कॉलेज सभी विद्यार्थियों का है और हर छात्र संगठन को नियमानुसार समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रशासन ने मांगें स्वीकार कर ली हैं, लेकिन अब उन्हें प्रभावी रूप से लागू करना जरूरी है। करीब 30 घंटे बाद भूख हड़ताल खत्म होने पर ASAP छात्र संघ ने इसे छात्र एकता और संघर्ष की जीत बताया। संगठन ने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मामलों का समाधान बातचीत और उचित कार्रवाई के जरिए किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को अपनी मांगों के लिए भूख हड़ताल न करनी पड़े।

