भिवानी की ब्रह्मा कॉलोनी में एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने सीधे तौर पर उसकी पत्नी पर ही किसी अन्य के साथ मिलकर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से खून को कपड़े से साफ किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भिवानी के सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। छत से गिरने का दिया झांसा, अस्पताल ले जाने से किया इनकार मृतक के चाचा एवं खैरपुरा गांव के पूर्व सरपंच राजबीर ने बताया कि उनका भतीजा जितेंद्र (40) भिवानी की ब्रह्मा कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहता था और वहीं आटा चक्की चलाता था। जितेंद्र दो बेटियों का पिता था। शुक्रवार सुबह करीब जितेंद्र की पत्नी ने परिजनों को फोन करके सूचना दी कि जितेंद्र छत से गिर गया है और उसे गंभीर चोटें आई हैं। जब पूर्व सरपंच राजबीर ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने को कहा, तो पत्नी बार-बार मना करती रही और परिजनों को घर पर ही आने की जिद करने लगी। अस्पताल न ले जाने और जिद करने पर परिजनों को उसकी नीयत पर शक हुआ। शरीर पर चोट के निशान, कपड़े से साफ किया गया था खून शंका होने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी मौके पर पहुंचे। मौके पर जाकर जब परिजनों ने देखा तो जितेंद्र के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे। कमरे और फर्श पर काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था, जिसे कपड़े से साफ करने की कोशिश की गई थी। पूर्व सरपंच का आरोप है कि जितेंद्र की पत्नी ने ही किसी तीसरे शख्स के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है और हादसे का रूप देने के लिए छत से गिरने की मनगढ़ंत कहानी रची।

