लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी के ओमेक्स न्यू हजरतगंज स्थित होटल सेलेस्टियल मैनर की 10वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत के मामले में फरार चल रहे उसके प्रेमी अवनीश जायसवाल ने गुरुवार को एसीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ की तैयारी कर रही है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत का कारण गंभीर चोटों के चलते शॉक एंड हैमरेज बताया गया है। गिरने से उसकी कमर और दोनों पैर टूट गए थे, जबकि सिर में भी गंभीर चोट आई थी। एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि आरोपी अवनीश जायसवाल पुत्र संतलाल जायसवाल, निवासी फिरोजपुर खुर्द, नगर पंचायत दोस्तपुर, सुल्तानपुर ने गुरुवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच करेगी। सोमवार शाम होटल की 10वीं मंजिल से गिरी थी युवती पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे होटल सेलेस्टियल मैनर के कमरा नंबर 1037 से गिरकर समरीन (24) की मौत हो गई थी। वह चौक थाना क्षेत्र के हाता सूरत सिंह निवासी मोहम्मद तज्जू की बेटी थी। समरीन सोमवार सुबह 11:46 बजे अपने प्रेमी अवनीश के साथ होटल पहुंची थी। मां ने लगाया था धक्का देकर गिराने का आरोप मृतका की मां सूफिया बानो ने आरोप लगाया था कि अवनीश समरीन को बहलाकर होटल ले गया था। वहां कमरे में जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसे 10वीं मंजिल से धक्का देकर नीचे गिरा दिया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। मृतका की बहन सीबा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद से अवनीश फरार चल रहा था। डीसीपी साउथ के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों के साथ सर्विलांस टीम को लगाया गया था।

