हरदोई के कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के बीच हुई मारपीट का वीडियो वीडियो सामने आया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 14 अक्टूबर की बताई जा रही है। अधिवक्ता राघवेंद्र मिश्रा ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि 14 अक्टूबर को एएसपी कार्यालय में बयान दर्ज कराने के बाद वह कचहरी पहुंचे थे। दोपहर करीब तीन बजे सत्येंद्र मिश्रा, अनिल मिश्रा, प्रशांत मिश्रा और पवन त्रिवेदी समेत दो अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की। राघवेंद्र के मुताबिक, सत्येंद्र मिश्रा ने उनके गले में लोहे की जंजीर डालकर कस दी। इसके बाद पेट और गुप्तांग पर वार किए गए। उन्होंने लोहे की छड़ से सिर पर हमला करने के साथ ही असलहे और धारदार चाकू के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। राघवेंद्र का कहना है कि घटना के दौरान उनके गले से सोने की चेन गिर गई। उन्होंने पहले से धमकी मिलने और टड़ियावां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का भी उल्लेख किया है। दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर आवास विकास कॉलोनी, हरदोई निवासी अधिवक्ता सत्येंद्र कुमार मिश्रा ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि वह कचहरी में अपनी सीट पर बैठे थे। इसी दौरान राघवेंद्र मिश्रा और बहोरवा गांव निवासी दिलीप कुमार व रजनीश कुमार वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। सत्येंद्र के अनुसार, विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि कचहरी परिसर में दो अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हुई है। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। शिकायतों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

