प्रयागराज में दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत राज्य शिक्षा संस्थान एलनगंज प्रयागराज में 52 स्पेशल एजुकेटर्स को प्रशिक्षित किया गया है। बृहस्पतिवार को चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। इन सभी को शाम को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस प्रशिक्षण का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि प्रशिक्षित 52 स्पेशल एजुकेटर्स अब मास्टर ट्रेनर की भूमिका निभाएंगे। वे अपने-अपने विकासखंडों में जाकर अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित और मार्गदर्शित करेंगे, जिससे जिले के दूर-दराज के स्कूलों तक समावेशी शिक्षा का दायरा पहुंचेगा। साथ ही ‘प्रशस्त’ ऐप और पोर्टल के प्रभावी उपयोग से बच्चों के आंकलन और डेटा प्रबंधन में तेजी आएगी। इसके अलावा, दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरतों के मुताबिक तैयार की गई विशेष शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) के जरिए पढ़ाने का तरीका भी अब और आसान व असरदार बनेगा। कार्यक्रम का आयोजन बीएसए अनिल कुमार के निर्देशन में किया गया। समापन अवसर पर पहुंचे सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी वरुण कुमार यादव ने कहा कि हर बच्चे को उसकी क्षमता और आवश्यकता के अनुरूप शिक्षा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) विकास पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे स्कूलों में सकारात्मक माहौल बनाएं और आधुनिक तकनीकों का उपयोग बढ़ाएं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा सभी स्पेशल एजुकेटर्स को प्रमाण पत्र सौंपते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और दिव्यांग बच्चों के सशक्तीकरण में उत्कृष्ट योगदान की मंगलकामनाएं दी गई।

