किसान श्यामाचरण की हत्या में दो पर FIR:कानपुर देहात में पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोटें नाक की हड्डी टूटी जबड़ा भी टूटा मिला

किसान श्यामाचरण की हत्या में दो पर FIR:कानपुर देहात में पोस्टमार्टम में सिर पर गंभीर चोटें नाक की हड्डी टूटी जबड़ा भी टूटा मिला

कानपुर देहात के मूसानगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह 11 बजे 60 वर्षीय किसान श्यामाचरण की फावड़े से हत्या कर दी गई गुरुवार दोपहर 2 बजे शव का पोस्टमार्टम हुआ सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट मिलने के साथ जबड़ा और नाक की हड्डी टूटने की बात सामने आई है। वहीं, गुरुवार को मृतक के भाई हरिश्चंद्र ने गांव के ही बल्लू और टीटू के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सनाया सलवाहन गांव निवासी श्यामाचरण पुत्र राधेलाल बुधवार सुबह करीब आठ बजे धान की फसल में पानी लगाने के लिए खेत पर गए थे। करीब 11 बजे उनकी पत्नी खाना लेकर खेत पहुंचीं। पति को वहां न देखकर उन्होंने आसपास तलाश की, तो बगल के बाजरे के खेत में श्यामाचरण का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। शव देखकर पत्नी चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, किसान पर फावड़े से हमला कर हत्या की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड की टीम भी बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम में सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के अलावा जबड़ा और नाक की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई। आंख के नीचे भी घाव मिला। इसके बाद गुरुवार को मृतक के भाई हरिश्चंद्र ने गांव के ही बल्लू और टीटू पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। सीओ संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *