औरैया में मंगलवार रात सिकंदरा थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो चालक निर्मल सविता (35) और ऑटो सवार अमित कटियार (42) घायल हो गए थे। दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी सिकंदरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें देर रात छुट्टी दे दी गई। अशोकनगर निवासी राकेश ने बताया कि घर जाने के बाद देर रात निर्मल की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे औरैया के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। सिकंदरा थाना प्रभारी सुधाकर सिंह ने बताया कि ट्रक चालक मौके से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

