गोरखपुर में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। शारदीय नवरात्र के दौरान सिकरीगंज थाने में कक्षा 12 की छात्रा वैष्णवी को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक थाना प्रभारी बनाया गया। वहीं, गोला में ज्वेलरी की दुकान से आभूषण लेकर भाग रहे आरोपियों को पकड़ने में मदद करने वाली 18 वर्षीय अमृता वर्मा को सम्मानित किया गया। पढ़ाई में अच्छे अंक लाने वाली 11 छात्राओं को भी सम्मान मिला। वैष्णवी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं 14 अक्टूबर को सिकरीगंज थाने में आयोजित कार्यक्रम में यूएस सेंट्रल एकेडमी की कक्षा 12 की छात्रा वैष्णवी को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक थाना प्रभारी बनाया गया। इस दौरान उन्हें थाने के कामकाज, कानून-व्यवस्था और अपराध रोकने के तरीकों की जानकारी दी गई। वैष्णवी को रजिस्टर नंबर-4, रजिस्टर नंबर-8, जनरल डायरी (जीडी) और जनसुनवाई की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। इसके बाद उन्होंने थाने में आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। छात्रा ने महिला पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीम के काम की सराहना की। महिला सुरक्षा के हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी कार्यक्रम में वैष्णवी को महिला और बाल सुरक्षा के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्हें 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में बताया गया। पुलिस ने समझाया कि किसी भी परेशानी में इन नंबरों पर संपर्क कर मदद ली जा सकती है। ज्वेलरी लेकर भाग रहे तीन आरोपियों को पकड़ने में की थी मदद गोला कस्बे के चौक स्थित देवांश ज्वेलर्स पर 27 अप्रैल 2026 को तीन लोग आभूषण खरीदने के बहाने पहुंचे थे। दुकानदार राकेश वर्मा उन्हें चांदी की अंगूठी और अन्य आभूषण दिखा रहे थे। इसी दौरान तीनों आभूषण लेकर भागने लगे। दुकान पर मौजूद राकेश वर्मा की करीब 18 वर्षीय बेटी अमृता वर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए उन्हें पकड़ने में मदद की। इस दौरान आरोपियों के चेहरे पर बंधा कपड़ा खुल गया, जिससे उनकी पहचान करने में मदद मिली। घटना के बाद गोला पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। अमृता को पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया अमृता के साहस की सराहना करते हुए पुलिस ने उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। SP साउथ दिनेश कुमार पुरी ने कहा कि समाज में अच्छा काम करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानित करने से दूसरी लड़कियों को भी प्रेरणा मिलती है। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। अच्छे अंक लाने वाली 11 छात्राओं को भी मिला सम्मान कार्यक्रम में एलपीएम स्कूल की 11 छात्राओं को पढ़ाई में अच्छे अंक हासिल करने पर सम्मानित किया गया। इनमें प्रकृति श्रीवास्तव, श्वेता वर्मा, सुकृति, श्रेजल यादव, अनन्या गुप्ता, मुस्कान पांडेय, आकृति कन्नौजिया, समृद्धि, शिवांशी तिवारी, लक्ष्मी गुप्ता और श्वेता मिश्रा शामिल हैं। सभी को पुष्पगुच्छ और उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। नवरात्र के नौ दिनों में हो रहे अलग-अलग कार्यक्रम SP साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि शासन के निर्देश पर मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत नवरात्र के नौ दिनों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दक्षिणी क्षेत्र के सभी थानों को स्थानीय लोगों के सहयोग से कार्यक्रम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा को नारी शक्ति का प्रतीक माना जाता है। इसी भावना के साथ महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। NCC कैडेट्स को भी अभियान से जोड़ा SP साउथ ने बताया कि महिला NCC कैडेट्स को भी मिशन शक्ति के कार्यक्रमों में शामिल किया जा रहा है। उन्हें बाजारों, चौराहों, गलियों और स्कूलों के आसपास अतिक्रमण जैसी समस्याओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छात्राओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों का समाधान करना और उनमें सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना है। महिलाएं पुलिस से दूरी न बनाएं और किसी भी परेशानी में बिना डर या झिझक के शिकायत करें। पुलिस का प्रयास है कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिले और जरूरत पड़ने पर समय से मदद पहुंचाई जा सके।

