छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में तेंदुए के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। नगरी क्षेत्र के कारीपानी गांव में देर रात तेंदुआ एक घर में घुस गया और एक ही परिवार के दो लोगों समेत तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घायलों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। तीनों को नगरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से बुजुर्ग महिला उर्मिला बाई मरकाम और सुंदर लाल नेताम को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है। इसके अलावा जिले के एक अन्य गांव में भी तेंदुए के हमले में चार लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई है। हालांकि, इस घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी की पुष्टि होना बाकी है। बैल के चिल्लाने की आवाज सुनकर बाहर निकली महिला पर हमला जानकारी के अनुसार, कारीपानी निवासी बुजुर्ग महिला उर्मिला बाई मरकाम के घर के बाहर बैल बंधा हुआ था। देर रात बैल के चिल्लाने की आवाज सुनकर महिला घर से बाहर निकलीं। इसी दौरान वहां मौजूद तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। आवाज सुनकर सुंदर लाल नेताम भी घर से बाहर आए। तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया। इसके बाद वह पास के एक अन्य घर में पहुंचा और वहां मौजूद एक महिला को घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। तीनों घायलों को उपचार के लिए नगरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया। दो घायलों को जिला अस्पताल किया रेफर अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद उर्मिला बाई मरकाम और सुंदर लाल नेताम को जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। तीसरे घायल का उपचार नगरी में किया गया। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी। तेंदुए की आवाजाही को देखते हुए गांव के आसपास पिंजरा भी लगाया गया है। सड़क पार करता दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल घटना के बाद सुबह तेंदुए की सड़क पार करते हुए तस्वीर सामने आई। बताया जा रहा है कि तेंदुए को सड़क पार करते देखकर वाहन चालकों ने गाड़ियां रोक दीं। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लगातार सामने आ रही तेंदुए की गतिविधियों से क्षेत्र के ग्रामीणों में चिंता है। वन विभाग की टीम तेंदुए की निगरानी कर रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रही है।

