‘जय जोहार’ पर अभद्र टिप्पणी से कोरकू समाज नाराज:बैतूल में भोपाल के पुलिसकर्मियों का विरोध; रैली निकालकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग

‘जय जोहार’ पर अभद्र टिप्पणी से कोरकू समाज नाराज:बैतूल में भोपाल के पुलिसकर्मियों का विरोध; रैली निकालकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग

भोपाल में प्रदर्शन के दौरान ‘जय जोहार’ अभिवादन को लेकर पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में आदिवासी कोरकू समाज में नाराजगी है। इस मामले के विरोध में गुरुवार को बैतूल में कोरकू समाज संगठन के सदस्यों ने रैली निकालकर विरोध जताया। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई करने की मांग की। आदिवासी कोरकू समाज संगठन, जिला बैतूल की ओर से इस संबंध में राष्ट्रपति, मध्य प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को आवेदन सौंपा गया। आवेदन में भोपाल में हुई कथित घटना की जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की गई है। कहा- समाज की भावनाएं आहत हुई
संगठन का कहना है कि ‘जय जोहार’ आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान का सम्मानजनक अभिवादन है। इसे लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज और अपमानजनक टिप्पणियां किए जाने से समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने कहा कि कानून के रक्षकों से सभी समुदायों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार और संवैधानिक मूल्यों के पालन की अपेक्षा की जाती है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान की जांच की मांग
आवेदन में संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करने के साथ उपलब्ध वीडियो, ऑडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण कराने की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर लागू कानून और विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि यदि अनुसूचित जनजाति के सदस्यों के खिलाफ जातिसूचक, अपमानजनक या भेदभावपूर्ण टिप्पणी किए जाने की पुष्टि होती है, तो संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। साथ ही जांच और कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को लिखित रूप में देने की मांग भी की गई। आवेदन में संगठन ने स्पष्ट किया कि उसका उद्देश्य किसी व्यक्ति के प्रति द्वेष फैलाना नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, न्याय और आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान एवं संवैधानिक अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित कराना है। यह खबर भी पढ़ें… TI ने आदिवासी छात्रों को धमकाया, निलंबित भोपाल में 13 अक्टूबर को आदिवासी छात्रों के प्रदर्शन के दौरान ‘जय जोहार’ कहने पर मिसरोद टीआई रतन सिंह परिहार के भड़कने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में टीआई छात्रों से अभद्र भाषा में बात करते और ‘यहीं कूट दूंगा’ कहते सुनाई दे रहे हैं। मामले में टीआई को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। पूरी खबर पढ़िए…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *