अजमेर में एक युवती से रेप का मामला सामने आया है। युवती ने अपने जॉब पार्टनर पर प्रेम जाल में फंसाकर शादी का झांसा देने और करीब 2 साल तक उसका रेप करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, इस दौरान वह दो बार प्रेग्नेंट हुई तो आरोपी ने उसका गर्भपात करवा दिया। बाद में आरोपी के पहले से शादीशुदा होने का पता चला। उसने पत्नी को तलाक देकर युवती से शादी करने का भरोसा दिया, लेकिन 4 महीने पहले उसे छोड़कर चला गया। इसके बाद से आरोपी ने उससे संपर्क भी तोड़ दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पहले से शादीशुदा होने की बात छिपाई पीड़ित ने शिकायत में बताया कि वह आरोपी को पिछले करीब 2 साल से जानती थी। दोनों साथ में जॉब करते थे। इसी दौरान आरोपी ने उसे प्रेम संबंध में फंसाया और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में अपनी शादी की बात छिपाई थी। बाद में जब उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है, तो उसने पत्नी को तलाक देकर उससे शादी करने का आश्वासन दिया। घर से ले गया, लेकिन शादी नहीं की पीड़ित के मुताबिक, आरोपी करीब 4 महीने पहले मुझे घर से किशनगढ़ लेकर गया था। वहां उसने साथ रहने और शादी करने का भरोसा दिया, लेकिन शादी नहीं की। आरोप है कि आरोपी ने उसका शारीरिक शोषण किया और बाद में उसे घर के बाहर छोड़कर चला गया। इसके बाद से आरोपी न तो उसका फोन उठा रहा है और न ही उससे संपर्क कर रहा है। परिवार पर भी धमकाने का आरोप पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी के परिवार को उनके संबंधों की जानकारी होने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। युवती ने अपनी शिकायत में आरोपी और उसके परिवार से जान का खतरा बताते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

