आगरा शहर में एत्माद्दौला से घाट और रामबाग फ्लाईओवर तक जाम की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। इस मार्ग पर रोजाना लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है। गुरुवार को भी यहां पर लंबा जाम लगा रहा। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और समस्या का स्थायी समाधान बनाने के लिए कोई योजना नहीं दिखाई दे रही है। एत्माद्दौला से घाट के बीच में सड़क सकरी है। यहां पर किनारे पर अतिक्रमण और ऑटो चालकों के बीच में खड़े होने से जाम के हालात रहते हैं। ऐसे में रोजाना वाहनों की आवाजाही के बीच लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम के कारण वाहन चालकों का समय बर्बाद होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बनी इस समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है। रोज की समस्या, समाधान का इंतजार
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना जाम लगता है। इसके बाद भी यातायात पुलिस स्थायी समाधान के लिए ठोस योजना नहीं बना पा रही। जाम में एत्माद्दौला स्मारक देखने आने वाले पर्यटकों को भी फंसना पड़ता है।

