जोधपुर शहर में देर रात हुई बारिश से लोगों को हल्की राहत मिली। शहर में करीब आधे घंटे तक बारिश का दौर चला। ऐसे में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। वेदर एक्सपर्ट के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण इस सप्ताह दोबारा मौसम बदलने की संभावना है। पहले कई दिन से अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। रात में ठंड का एहसास, दिन में गर्मी बुधवार को दिन का तापमान करीब 38 डिग्री दर्ज किया गया था। गर्मी से लोगों को काफी परेशानी भी हुई। इधर, देर रात तेज हवा के साथ हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। इस दौरान सड़कों पर भी पानी बहने लगा। मौसम बदलने की वजह से रात के तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि गुरुवार सुबह एक बार फिर तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक दिन का तापमान 38 डिग्री तक बने रहने की संभावना है। दो दिन बाद न्यूनतम तापमान में दिखेगी गिरावट, मौसम भी बदलेगा मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री पर स्थिर बने रहने की संभावना है। 17 अक्टूबर से इसमें दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। लेकिन, इस बीच यदि मौसम बदलता है तो ठंडी हवाओं से पारा गिरने की संभावना है। ऐसे में मौसम बदलेगा और इस महीने के अंत तक हल्की सर्दी का असर भी दिखना शुरू हो जाएगा।

