दौसा में भाजपा-कांग्रेस की प्रत्याशी सूची का इंतजार:विधायक की पत्नी और पूर्व मंत्री की बेटी के चुनाव लड़ने की चर्चा

दौसा में भाजपा-कांग्रेस की प्रत्याशी सूची का इंतजार:विधायक की पत्नी और पूर्व मंत्री की बेटी के चुनाव लड़ने की चर्चा

दौसा जिला परिषद के सभी 37 वार्ड और दूसरे चरण की 6 पंचायत समितियों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी नहीं की है। दोनों दलों में टिकटों को लेकर मंथन जारी है। जिन दावेदारों के नाम पर सहमति बन चुकी है, उन्हें नामांकन भरने के संकेत दे दिए गए हैं। इसके चलते बुधवार को दोनों दलों से जुड़े कई दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। अब सभी की नजरें पार्टी की अधिकृत सूची पर टिकी हैं। दोनों दलों ने अभी नहीं खोले पत्ते सूत्रों के अनुसार, भाजपा और कांग्रेस में ज्यादातर नामों पर सहमति बन चुकी है। हालांकि, कुछ वार्डों में मजबूत दावेदार नहीं मिलने और कुछ जगह एक से अधिक दावेदार होने के कारण फैसला अटका हुआ है। सूत्रों की मानें तो भाजपा की सूची पहले जारी हो सकती है, जबकि कांग्रेस अंतिम समय तक प्रत्याशियों के नाम घोषित कर सकती है। दोनों दलों की रणनीति केवल जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य जिताने तक सीमित नहीं है। उनकी नजर जिला प्रमुख और प्रधान के पदों पर भी है। इसी कारण प्रत्याशियों के चयन में पदों के आरक्षण और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखा जा रहा है। जिला परिषद के एससी आरक्षित वार्डों के अलावा कुछ सामान्य वार्डों से भी एससी महिला प्रत्याशियों को मैदान में उतारने पर विचार किया जा रहा है। विधायक की पत्नी और पूर्व मंत्री की बेटी के नाम चर्चा में जिला प्रमुख का पद एससी महिला के लिए आरक्षित होने के कारण इस वर्ग की दावेदारों पर खास ध्यान दिया जा रहा है। कांग्रेस में पूर्व मंत्री और कांग्रेस एससी मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष ममता भूपेश की बेटी देवांगना भंडारी के वार्ड 19 से चुनाव लड़ने की चर्चा है। वहीं, दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा की पत्नी और निवर्तमान लवाण प्रधान बीना बैरवा के वार्ड 2 से चुनाव लड़ने की भी चर्चा है। हालांकि, दोनों नामों पर अभी पार्टी की ओर से अधिकृत घोषणा नहीं हुई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर उनके चुनाव से जुड़े पोस्टर जारी किए जा चुके हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *