लुधियाना में पुलिस कमिश्नरेट के डिवीजन नंबर-5 थाने की पुलिस ने पुलिस कस्टडी से फरार हुए दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान प्रिंस शर्मा उर्फ प्रिंस और रमनदीप सिंह उर्फ रिंकू के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों पर पुलिस कर्मचारी को धक्का मारकर हथकड़ी समेत फरार होने का आरोप है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 262, 221 और 132 के तहत केस दर्ज किया है। तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर भागा आरोपी पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, थाना मॉडल टाउन में 8 अक्टूबर 2026 को FIR नंबर 214 के तहत BNS की धारा 331(4), 305 और 3(5) में मामला दर्ज किया गया था। इस केस में प्रिंस शर्मा और रमनदीप सिंह उर्फ रिंकू को 12 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 13 अक्टूबर को दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर कर रहे थे इंतजार रिमांड के दौरान आगे की पूछताछ के लिए आरोपियों को क्राइम ब्रांच-1, लुधियाना ले जाया जा रहा था। वहां पहले से एक अन्य आरोपी से पूछताछ चल रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम के अधिकारी और कर्मचारी पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर सड़क पर गाड़ी में इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच रमनदीप सिंह उर्फ रिंकू ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाया। जब पुलिस अधिकारी उसकी हथकड़ी खोलकर जांच करने लगे तो आरोपी ने उन्हें धक्का मार दिया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से हथकड़ी समेत फरार हो गए। दोनों आरोपियों की पहचान पुलिस के अनुसार, प्रिंस शर्मा उर्फ प्रिंस, गांव जोपमाजरा, थाना अमरगढ़, जिला मलेरकोटला का रहने वाला है। वहीं, दूसरा आरोपी रमनदीप सिंह उर्फ रिंकू, मोहल्ला जगतपुरा, फिल्लौर, जिला जालंधर का निवासी है। फिलहाल, दोनों आरोपियों के फरार होने के मामले में डिवीजन नंबर-5 थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

