गुना शहर के कैंट थाना क्षेत्र के बमौरी बुजुर्ग गांव में पारिवारिक विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि देवर से विवाद के बाद उसकी भाभी ने अपने मुंहबोले भाई को बुला लिया। वह 10 से ज्यादा साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर गांव पहुंचा और रामदेव लोधा के साथ मारपीट करने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हुए और दो आरोपियों को पकड़ लिया। सुबह हुआ था भाभी और देवर के बीच विवाद जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बमौरी बुजुर्ग निवासी रामदेव लोधा का अपनी भाभी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि रात में भाभी ने अपने मुंहबोले भाई को फोन कर बुलाया। इसके बाद वह 10 से ज्यादा साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर गांव पहुंच गया। आरोपियों ने गांव पहुंचते ही रामदेव के साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने हमलावरों को घेर लिया। कई आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों को बांधा, वीडियो सामने आया ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को बांधकर जमीन पर बैठा दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण दोनों को पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से दोनों आरोपियों को छुड़ाया और थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

