लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की हत्यारोपी मॉडल श्रद्धा दुबे का एक वीडियो सामने आया है। बुधवार रात जारी इस वीडियो में वह कह रही है- मैं कहीं भागी नहीं हूं। शिवा शर्मा की हत्या नहीं हुई, वह फ्लैट से कूदा था। वह एक सुसाइड था। श्रद्धा दुबे ने कहा- मेरी आप सभी से रिक्वेस्ट है। प्लीज मेरे नाम को ऐसे न उछालिए। आप लोगों ने मेरा नाम कई नेताओं और अफसरों से जोड़ा है। मेरा नाम हर किसी के साथ मत जोड़िए। हां, अगर वो मेरे इंस्टाग्राम से जुड़ा है, तो आप मेरे बारे में ऐसी अफवाह न फैलाइए। पुलिस के सामने आकर बयान देना चाहती हूं वीडियो में श्रद्धा कह रही है- मैं किसी को नहीं जानती हूं। मैं कहीं गायब नहीं हूं। मैं पुलिस के सामने आकर बयान देना चाहती हूं। मैं उन्हें सब कुछ सच सच बताना चाहती हूं। प्लीज, मेरी रिक्वेस्ट है कि किसी लड़की के बारे में बोलने से पहले 10 बारे सोचिए। शिवा शर्मा कांड से रिलेटेड जो सच है, उसकी कोई हत्या नहीं हुई थी। वो एक सुसाइड था। मेरी कंडीशन देखिए। मैं आप लोगों से बताने वाली थी, लेकिन मेरी कंडीशन देखिए। मैं फिजिकली फिट नहीं हूं। प्लीज निवेदन है कि मेरा नाम बड़े अधिकारी या नेता से न जोड़िए। बता दें, मॉडल श्रद्धा दुबे के नेपाल भागने की बात कही जा रही है। उस पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। दिन में श्रद्धा की कार नेपाल बॉर्डर पर मिली बुधवार को दिन में श्रद्धा की स्कॉर्पियो-एन कार बहराइच के रुपईडीहा में मिली। दैनिक भास्कर ने 12 अक्टूबर को बता दिया था कि श्रद्धा अपने पुराने दोस्त आमिर के साथ नेपाल भाग गई है। उसे आमिर ने नेपाल बॉर्डर तक पहुंचाया। आमिर केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर से श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि को स्विफ्ट कार से लेकर निकला था। रास्ते में कहीं से श्रद्धा ने आमिर की कार छोड़ अपनी स्कॉर्पियो कार ली थी। आमिर ने दोनों को बहराइच के रूपईडीहा में छोड़ा। यह जगह नेपाल बॉर्डर पर है। आखिरकार, श्रद्धा की कार स्कॉर्पियो एन 14 अक्टूबर को रुपईडीहा में लावारिस हालत में मिल गई।
इस बीच उसकी शिवा के साथ की गई चैट सामने आई है। इसमें श्रद्धा ने शिवा से कहा था कि तुम्हारे साथ बुरा ही होगा। अब तक की जांच में पता चला है कि श्रद्धा 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले लखनऊ के सबसे बड़े डांडिया फेस्ट में VVIP गेस्ट बनाई गई थी। जांच के दौरान ये भी पता चला कि श्रद्धा अपना ब्लैकमेलिंग का टारगेट पूरा करने के बाद मोबाइल नंबर बदल लेती थी। अब तक चार नंबर बदल चुकी थी। वहीं, शिवा के परिजनों का आरोप है कि रसूख के चलते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। शिवा की मां रंजना ने कहा कि सबसे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए। इसके बिना उन्हें कुछ भी मंजूर नहीं है। हम पुलिस के लगातार संपर्क में हैं। जांच में सहयोग कर रहे हैं। इससे पहले, मंगलवार को श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश पर 25-25 हजार का इनाम रखा गया था। स्नैपचैट पर श्रद्धा ने शिवा से कहा- ‘दिल से बद्दुआ’; हू-ब-हू पढ़िए श्रद्धा: सीरियसली, दिल से बद्दुआ है तुम्हारे लिए। जैसे तुमने मेरा इस्तेमाल करके अपना व्यवहार बदल दिया न… वैसे ही तुम्हारे साथ कुछ ऐसा हो कि किसी का इस्तेमाल करने लायक न रह जाओ। पहले तो कॉल कर-करके पीछे पड़े रहते थे। अब क्या हो गया, कैंसर हो गया क्या तुम्हें या कि मरने वाले हो? शिवा: यार, कोई व्यवहार चेंज नहीं हुआ है और न तो प्यार कम हुआ है। श्रद्धा: देखना शिवा, जितना मैं इरिटेट (चिड़चिड़ी) हो रही हूं न… शिवा: बस कुछ मेरे साथ प्रॉब्लम चल रही है। श्रद्धा: सच में कुछ बुरा ही होगा तुम्हारे साथ। शिवा : बस कुछ मेरे साथ प्रॉब्लम चल रही है। श्रद्धा: क्या प्रॉब्लम चल रही है? (यहीं ये चैट खत्म हो जाती है।)

