सफाई कर्मचारियों ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया:मांगों पर बात नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे; ज्ञापन नोटिस बोर्ड पर चिपकाया

सफाई कर्मचारियों ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया:मांगों पर बात नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे; ज्ञापन नोटिस बोर्ड पर चिपकाया

प्रयागराज में 14 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई मजदूर एकता मंच से जुड़े सफाई कर्मचारियों का नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पत्थर गिरजाघर से होते हुए सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौराहे तक जुलूस निकाला। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई और नगर निगम प्रशासन पर उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। सफाई मजदूर एकता मंच, संबद्ध ऐक्टू के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन के दौरान यूनियन के प्रतिनिधियों ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की 14 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन देने के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम में ज्ञापन लेने के लिए कोई सक्षम अधिकारी मौजूद नहीं हो रहा है। यूनियन का आरोप है कि दो दिनों से प्रदर्शन के बावजूद अधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनने और ज्ञापन लेने में रुचि नहीं दिखाई। इससे नाराज कर्मचारियों ने नगर निगम के नोटिस बोर्ड पर ही अपना मांगपत्र चस्पा कर दिया। यूनियन के पदाधिकारियों ने नगर निगम प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों से जल्द वार्ता कर समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि तय समय के भीतर कर्मचारियों को वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया और उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की जाएगी। कर्मचारियों ने कहा कि मांगों पर सुनवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन में यूनियन अध्यक्ष बलराम पटेल, उपाध्यक्ष रोशनी लता, अक्षय कुमार, कोषाध्यक्ष राघवेंद्र पटेल, उपसचिव प्रेमचंद, सदस्य राम अजोरपाल, अनिरुद्ध पाल, रोशन, अजय कौशिक, ज्ञान देवी, रीता और गायत्री समेत सैकड़ों सफाई कर्मचारी शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *