बैतूल कोतवाली पुलिस ने शहर में हुई दो चोरी का खुलासा करते हुए 40 साल के आरोपी सुरेश पिता अमरलाल भलावी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चार मोबाइल फोन, एक एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स और खेल सामग्री बरामद की गई। चोरी में इस्तेमाल रॉड भी जब्त हुई।
1 अक्टूबर की रात सदर स्थित मोबाइल दुकान में ताला तोड़कर चार मोबाइल फोन और सामान चोरी हुआ था। दुकान संचालक आशीष दरबाई ने शिकायत की।
9 और 10 अक्टूबर की रात युवा केंद्र में भी चोरी हुई, जहां से एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स और खेल सामग्री गायब हुई। युवा केंद्र प्रभारी सुषमा गवली ने रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से दनौरा निवासी सुरेश भलावी की पहचान हुई और उसे 14 अक्टूबर को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी करना कबूल किया।
आरोपी से एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, खेल सामग्री, चार मोबाइल फोन, हेडफोन समेत चोरी का सामान मिला। कार्रवाई में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया और सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट आबिद अंसारी शामिल रहे।

