जालौन के कोंच में शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन बुधवार को नगर के गांधी नगर स्थित पंचमुखी शंकर जी के पास मां दुर्गा के चतुर्थ स्वरूप मां कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद माता रानी की आरती कर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और लोककल्याण की कामना की। आरती के उपरांत कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं को भंडारा प्रसाद वितरित किया गया। धार्मिक आयोजन के दौरान भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अन्नपूर्णा सेवा समिति द्वारा नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह माता रानी की आरती के बाद भंडारा प्रसाद वितरण कराया जा रहा है। समिति का यह सेवा अभियान लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है। समिति के सदस्य शुभम तिवारी एवं शत्रुघ्न बुढ़ौलिया ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को धार्मिक और सामाजिक कार्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक भंडारा प्रसाद वितरण का क्रम जारी रहेगा।

