गरबा पंडाल के पास सादे कपड़ों में घूमेगी पुलिस:महिला सुरक्षा के लिए कालिका टीम तैनात की; शहर में फ्लैग मार्च भी किया

गरबा पंडाल के पास सादे कपड़ों में घूमेगी पुलिस:महिला सुरक्षा के लिए कालिका टीम तैनात की; शहर में फ्लैग मार्च भी किया

राजसमंद में पुलिस ने शक्ति सुरक्षा अभियान के तहत नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर खास इंतजाम किए हैं। पुलिस ने गरबा-डांडिया होने वाले पांडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसी के साथ कई थानों की पुलिस ने जिला मुख्यालय पर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक और वृत्ताधिकारी राजसमंद नेत्रपाल सिंह सहित राजनगर और कांकरोली थाना पुलिस मौजूद रही। कालिका पेट्रोलिंग टीमों को निर्देश पुलिस अधिकारियों ने प्रवेश-निकास द्वार, पार्किंग, आयोजन स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों, लाइट की व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की जानकारी ली। आयोजकों को सीसीटीवी कैमरों का प्रभावी उपयोग करने, सुरक्षा स्वयंसेवकों के साथ समन्वय रखने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी आयोजन स्थलों की संवेदनशीलता और भीड़ के अनुसार पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। महिला पुलिसकर्मियों और कालिका पेट्रोलिंग टीमों की सक्रिय भूमिका के साथ सादे वस्त्रों में निगरानी की जाएगी। छेड़छाड़ या दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है। जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 02952-220712, पुलिस व्हाट्स नंबर 8764854100 या आपात स्थिति में 112 पर संपर्क किया जा सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *