मंडला में मंगलवार शाम कोतवाली थाना के सामने स्थित बिजली कंपनी के ट्रांसफार्मर में अचानक चिंगारी उठी। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से उठी आग की लपटें पास में मौजूद डोमिनोज आउटलेट के बिजली बोर्ड और मीटर तक फैल गईं। आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड व बिजली कंपनी को दी गई। नगर पालिका ने पाया आग पर काबू सूचना मिलते ही नगर पालिका की फायर ब्रिगेड गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई झुलसा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। कुछ देर ठप रही इलाके की बिजली ट्रांसफार्मर में आग लगने की वजह से आसपास के पूरे इलाके की बिजली सप्लाई कुछ समय के लिए ठप हो गई। घटना के तुरंत बाद बिजली कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू किया ताकि क्षेत्र में बिजली सप्लाई जल्द बहाल की जा सके। शुरुआती जांच के अनुसार ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ही आग का कारण बनी, हालांकि पुलिस और कंपनी मामले की जांच कर रहे हैं।

