छतरपुर के हरपालपुर थाना क्षेत्र में गुढो गांव के पास एक निर्माणाधीन ब्रिज पर मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जबकि तीन फरार हैं। कुल पांच आरोपियों पर शराब के लिए पैसे मांगने और मना करने पर मारपीट का आरोप है। फरियादी दीपक शर्मा (26), निवासी भिवानी, हरियाणा, ने पुलिस को बताया कि 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे वे काकुनपुरा चौराहे के पास डंपर से पत्थर उतरवा रहे थे। तभी पांच लोग वहां पहुंचे और शराब के लिए एक हजार रुपए मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश की। उन्होंने दीपक शर्मा और उनके साथियों के साथ लात-घूंसों से मारपीट भी की। दीपक की शिकायत पर हरपालपुर पुलिस ने केस दर्ज किया। मुखबिर की सूचना पर राजेश उर्फ भज्जू यादव (42) और टिंकू यादव (24) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नितिन शर्मा, चौकी प्रभारी गिरजेश सिंह राजा, ब्रजभान और मनोज सहित पुलिस टीम शामिल रही।

