छतरपुर के गुलगंज थाना क्षेत्र में डिकोली तिगड्डे के पास सोमवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। इसमें बाइक सवार 33 साल के पिता की मौत हो गई। जबकि उनके दो बच्चे घायल हो गए। अज्ञात चार पहिया वाहन बाइक को टक्कर मारकर मौके से भाग गया। गुलगंज निवासी धनीराम अहिरवार (33) अपने बच्चों क्रिष (8) और कल्पना (10) के साथ ढाबे पर खाना खाने जा रहे थे। तभी डिकोली तिगड्डे के पास उनकी बाइक को टक्कर लग गई। हादसे के बाद तीनों को जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने धनीराम को मृत बताया। घायल बच्चों को जिला अस्पताल की PICU में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है।

