फिरोजाबाद में शारदीय नवरात्र के दौरान दुर्गा पूजा महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार रात करीब नौ बजे डीएम संतोष कुमार शर्मा और एसएसपी आदित्य लांग्हे ने शहर के दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने आयोजकों से बातचीत कर आवश्यक इंतजामों की जानकारी ली और सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए। तीन दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव 17 अक्टूबर से शुरू होगा। इसके लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर माता के भव्य भवन और पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। देखें, 2 तस्वीरें… डीएम और एसएसपी ने ठा. बीरी सिंह कॉलेज तथा पीली कोठी स्थित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान आग से बचाव के लिए अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और श्रद्धालुओं के दर्शन के बाद उन्हें दूसरे रास्ते से बाहर निकालने की व्यवस्था देखी। अधिकारियों ने आयोजकों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंडालों का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में माता के दर्शन कर सकें और आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

