संभल के कैलादेवी थाना क्षेत्र के शकरपुर गांव में जहरीले पदार्थ के सेवन से तीन बच्चों की हालत बिगड़ गई। इनमें 5 साल की बेटी, 3 साल का बेटा और 2 साल की बेटी शामिल हैं। तीनों को संभल शहर के मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में रखा है। सोमवार शाम करीब 7:15 बजे मामले की जानकारी सामने आई। हालांकि, बच्चों की तबीयत कैसे बिगड़ी और जहरीला पदार्थ उनके शरीर में कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। रविवार रात पति-पत्नी में हुआ था विवाद जानकारी के मुताबिक, रविवार रात शराब पीकर घर आए पति का पत्नी से विवाद हुआ था। परिवार के लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेत पर साथ चलने को लेकर पति-पत्नी के बीच फिर कहासुनी हुई। इसके बाद पति खेत पर चला गया। इसी बीच तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, पति-पत्नी के विवाद और बच्चों की हालत बिगड़ने के बीच क्या संबंध है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। तीनों बच्चे आईसीयू में, परिवार ने साधी चुप्पी तीनों बच्चों को इलाज के लिए संभल शहर के रायसत्ती थाना क्षेत्र में मुरादाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में रखा है। जानकारी के मुताबिक, बच्चों का कई घंटे से इलाज चल रहा है। परिवार के लोग अस्पताल में मौजूद हैं, लेकिन उन्होंने घटना के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। पति-पत्नी एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं, लेकिन बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस बोली- शिकायत मिलने पर करेंगे जांच कैलादेवी थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि थाने पर ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सीओ संभल कुलदीप कुमार ने भी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। गांव के कुछ लोगों ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर तीनों बच्चों की तबीयत जहरीले पदार्थ के सेवन से बिगड़ने की बात कही है। फिलहाल, घटना की परिस्थितियों और बच्चों की हालत बिगड़ने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

