शादी के बाद विवाहिता ने लगाई थी फांसी:पुलिस ने रूटीन डायरी को माना सुसाइड नोट, लिखा था- पल-पल प्रताड़ित किया

शादी के बाद विवाहिता ने लगाई थी फांसी:पुलिस ने रूटीन डायरी को माना सुसाइड नोट, लिखा था- पल-पल प्रताड़ित किया

ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र में शादी के महज पांच महीने बाद नवविवाहिता रजनी कुशवाह (23) के फांसी लगाने के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। मर्ग जांच और मृतका की रूटीन डायरी के 4 पेज को सुसाइड नोट माना है। जिसमें लिखा था कि पति, सास और ननंद ने पल-पल प्रताड़ित किया। साथ ही मायके पक्ष के बयानों के आधार पर पुलिस ने सोमवार को पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने व खुदकुशी के लिए विवश करने का मामला दर्ज किया है। ऐसा भी पता लगा है कि खुदकुशी जैसा कदम उठाने से 10 दिन पहले ही रजनी अपने मायके से ससुराल पहुंची थी। 12 सितंबर की रात फांसी के फंदे पर झूली थी रजनी जनकगंज थाना क्षेत्र के चावड़ी बाजार (मेट्रो होटल वाली गली) की रहने वाली रजनी कुशवाह ने 12 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। घटना के तुरंत बाद ससुराल वाले उसे उतारकर जयारोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। दहेज के लिए किया प्रताड़ित जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के भाई, मां और अन्य परिजन के बयान दर्ज किए। परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर ताने मारते थे। पति लीलाराम कुशवाह, सास सरिता कुशवाह और ननद दुर्गा कुशवाह मिलकर रजनी को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजन ने नवविवाहिता की मौत के लिए पूरी तरह से ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस को मिला नोट और डायरी, राइटिंग सैंपल जब्त पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर नक्शा मौका तैयार किया। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को मृतका ​की रूटीन डायरी मिली। जिसमें चार पेज पर उसकी दर्द की कहानी लिखी हुई थी। जिसमें डायरी के इन चार पेज को पुलिस ने सुसाइड नोट माना है। इसमें लिखा था कि मर्द चाहता है जब वो हंसे तो हम हंसे वो कहे वैसा ही करें। हमारी खुद की कोई वैल्यू नहीं है। पुलिस ने डायरी, मृतका का मोबाइल फोन जब्त किया है। मृतका की डायरी से उसके सुसाइड नोट के चार पेज की राइटिंग का सैंपल भी मैच कराया गया है। पोस्टमास्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह फांसी लगाने से दम घुटना निकलकर आई है। CSP ने कहा- गिरफ्तारी के लिए दे रहे दबिश सीएसपी किरण अहिरवार ने बताया कि नवविवाहिता के सुसाइड केस में मर्ग जांच के बाद पति, सास और ननद पर केस दर्ज किया गया है। जांच में दहेज के लिए प्रताड़ित करने के तथ्य सामने आए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *