छात्राओं ने सीखा आग बुझाना:एलपीजी सिलेंडर की आग बुझाने और बचाव के लाइव डेमो से ट्रेनिंग

छात्राओं ने सीखा आग बुझाना:एलपीजी सिलेंडर की आग बुझाने और बचाव के लाइव डेमो से ट्रेनिंग

कानपुर के आचार्य नरेंद्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय में सोमवार ‘फायर सेफ्टी एवं फायर फाइटिंग’ (अग्नि सुरक्षा) विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान मीरपुर थाने की फायर ब्रिगेड टीम ने छात्राओं और स्टाफ को आग लगने जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने, सुरक्षित बचने और आग बुझाने के महत्वपूर्ण तरीके सिखाए। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. अर्चना सक्सेना द्वारा मीरपुर थाने से आई फायर ब्रिगेड टीम के स्वागत से हुई। प्रशिक्षण के दौरान मुख्य प्रशिक्षक एवं लीड फायरमैन लक्ष्मीकांत मिश्रा ने छात्राओं और शिक्षिकाओं को संबोधित करते हुए बताया कि किसी भी आपदा या आग लगने के समय घबराने के बजाय सूझबूझ, त्वरित विवेक और सही तकनीक का इस्तेमाल जीवन रक्षा के लिए सबसे ज्यादा जरूरी है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान फायर ब्रिगेड की टीम ने गैस, बिजली, तेल और अन्य सामान्य ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग पर काबू पाने का जीवंत (लाइव) प्रदर्शन किया। टीम ने खास तौर पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर में आग लगने पर उसे गीले कपड़े और अग्निशामक यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से बुझाने के व्यावहारिक और आसान तरीके बताए। इसके साथ ही, आपातकालीन स्थिति में इमारत से सुरक्षित निकासी और प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की तकनीकें भी सिखाई गईं। प्राचार्या प्रो. अर्चना सक्सेना ने छात्राओं के लिए इस प्रशिक्षण को बेहद उपयोगी बताया और महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने के लिए फायर ब्रिगेड टीम के साथ-साथ आयोजकों की सराहना की। इस कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. दीक्षा सिंह ने किया, जबकि संयोजन डॉ. आकांक्षा गौर और डॉ. पूजा शुक्ला द्वारा किया गया। इस मौके पर महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *