भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन किया। संगठन ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरने का समर्थन करते हुए पांच सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा। ज्ञापन तहसीलदार सदर धर्मेंद्र कुमार सिंह ने लिया। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग प्रदेश महासचिव श्रीराम वर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में मतदाता सूची में गड़बड़ियां हुई हैं। उनके मुताबिक, करोड़ों लोगों के नाम वोटर लिस्ट से कट गए हैं। संगठन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से तत्काल इस्तीफा दिलाने की मांग की। गिरफ्तार किसानों को रिहा करने की मांग प्रदेश सचिव फरीद अहमद ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों और किसान नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने सभी की बिना शर्त और सम्मानजनक रिहाई की मांग की। साथ ही आंदोलन में किसानों के साथ कथित अभद्रता करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। यूनियन ने कहा कि आंदोलन का समर्थन कर रहे जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, छात्रों और अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। संगठन ने सभी को तत्काल रिहा करने और आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से चलने देने की मांग की। ज्ञापन में आंदोलन में किसी तरह की बाधा नहीं डालने की अपील भी की गई। दिल्ली कूच करने की चेतावनी प्रदेश महासचिव श्रीराम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी का आदेश मिलते ही अयोध्या से हजारों किसान दिल्ली कूच करेंगे। संगठन ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन और ज्ञापन देने के दौरान आसमा निशा, जिला मीडिया प्रभारी राजू निषाद, लालमति, शिवकुमार, बाबूराम, सुषमा, बृजेश कुमार, सोनी वर्मा और मीना गौड़ समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

