सीतापुर में दहेज के लिए विवाहिता की मौत:मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया, बोले- 2 लाख की मांग कर रहा था

सीतापुर में दहेज के लिए विवाहिता की मौत:मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया, बोले- 2 लाख की मांग कर रहा था

सीतापुर में सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, विवाहिता के गले और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र का है। मृतका की पहचान 32 वर्षीय शिवांकी पुत्री सुरेश कुमार, निवासी गोला, लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है। पिता सुरेश कुमार ने बताया कि शिवांकी की शादी 24 नवंबर 2024 को महोली थाना क्षेत्र के कुसैला गांव निवासी अमन से हुई थी।
शादी में नकदी और सामान समेत करीब 8 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले 2 लाख रुपये और मांग रहे थे। परिवार ने किसी तरह एक लाख रुपये दिए, लेकिन इसके बाद भी शिवांकी को प्रताड़ित किया जाता रहा। परिजनों के अनुसार, शिवांकी शहर के पूर्णागिरि मोहल्ले में पति के साथ रहती थी। उसने कई बार घरवालों को अपने साथ मारपीट होने की जानकारी दी थी। हालांकि, वह पिता को इस बारे में बताने से मना करती थी। उसे उम्मीद थी कि समय के साथ ससुराल में सब ठीक हो जाएगा। मायके पक्ष का आरोप है कि पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उसके होंठ पर चोट आई थी।
परिजनों ने पति अमन पर हत्या का शक जताया है। उनका दावा है कि शिवांकी के गले पर दबाव और चेहरे पर चोट के निशान थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। सीओ सिटी विनय यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *