प्रयागराज में 52 स्पेशल एजुकेटर्स की ट्रेनिंग शुरू:15 अक्टूबर तक चलेगा प्रशिक्षण, विशेष बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

प्रयागराज में 52 स्पेशल एजुकेटर्स की ट्रेनिंग शुरू:15 अक्टूबर तक चलेगा प्रशिक्षण, विशेष बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा

विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए राज्य शिक्षा संस्थान एलनगंज प्रयागराज में चार दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से शुरू हुआ। इस प्रशिक्षण में जिले के 52 स्पेशल एजुकेटर्स को विशेष बच्चों की पहचान, स्क्रीनिंग और उनकी शैक्षिक जरूरतों के अनुरूप शिक्षण सामग्री के इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण 15 अक्टूबर तक चलेगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। बीएसए ने कहा कि समावेशी शिक्षा वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। प्रत्येक बच्चे को उसकी क्षमता और जरूरत के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की समय पर पहचान और उचित स्क्रीनिंग जरूरी है। साथ ही, उनकी जरूरतों के अनुसार शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) का उपयोग भी उनके शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग विद्यालयों में प्रभावी ढंग से करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित न रहे। PRASHAST ऐप और पोर्टल के इस्तेमाल की मिलेगी जानकारी
जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) विकास पाण्डेय ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान और स्क्रीनिंग की प्रक्रिया को मजबूत करना है। इसके साथ ही शिक्षकों को PRASHAST ऐप और पोर्टल के इस्तेमाल तथा बच्चों की व्यक्तिगत शैक्षिक जरूरतों के अनुसार शिक्षण सामग्री के चयन और उपयोग में दक्ष बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मास्टर ट्रेनर्स की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रशिक्षण के बाद वे जिले के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों तक समावेशी शिक्षा से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी पहुंचाएंगे। इससे विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार शिक्षा और सहयोग उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में डायट प्रवक्ता अम्बिका मिश्रा, डॉ. निधि मिश्रा, डॉ. पूनम सिंह और कासिम फारुकी सहित मास्टर ट्रेनर्स धीरेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, राहुल कुमार और अमित कुमार प्रशिक्षण दे रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *