विंध्याचल में नवरात्र के पहले दिन हुई गंगा महाआरती:अपर आयुक्त राजकुमार द्विवेदी सपरिवार यजमान बने, घाट रंग-बिरंगी झालरों से सजा

विंध्याचल में नवरात्र के पहले दिन हुई गंगा महाआरती:अपर आयुक्त राजकुमार द्विवेदी सपरिवार यजमान बने, घाट रंग-बिरंगी झालरों से सजा

मिर्जापुर के विंध्याचल धाम के पक्का घाट पर शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार शाम विंध्य विकास परिषद के तत्वावधान में मां गंगा की भव्य महाआरती की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर आयुक्त (प्रशासन) राजकुमार द्विवेदी सपरिवार शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और मां गंगा के जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो गया। महाआरती में शामिल श्रद्धालुओं ने मां गंगा का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती से पूर्व पक्का घाट को रंग-बिरंगी झालरों और सुगंधित फूलों की मालाओं से सजाया गया था। रोशनी से जगमगाते घाट का आकर्षक दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा। नवरात्र के पहले दिन आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। गंगा आरती प्रमुख रामानंद तिवारी और उनकी टीम ने मुख्य अतिथि राजकुमार द्विवेदी को विधिवत संकल्प कराकर मां गंगा का विशेष पूजन कराया। इसके बाद महाआरती शुरू हुई। रिद्धि-सिद्धि के स्वरूप में उपस्थित माताओं और बहनों ने आरती की थाली लेकर अर्चकों के साथ मां गंगा की आरती उतारी। दीपों की जगमगाहट और गंगा की लहरों के बीच आरती के मनोरम दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर अपर आयुक्त राजकुमार द्विवेदी ने कहा कि वह मां गंगा का आशीर्वाद लेने के लिए समय-समय पर यहां आते रहते हैं। उन्होंने कहा, “जब मां का आदेश होता है, तब आरती में शामिल होने का अवसर मिलता है। मां गंगा की आरती में शामिल होकर मन को सुकून मिलता है।” महाआरती के बाद मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र और मां गंगा का स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम में जितेंद्र मिश्रा, प्रशांत उपाध्याय, धीरज तिवारी, दिनेश गुप्ता, आनंद तिवारी, गगन माली, ऋतिक मोदनवाल, विश्वनाथ साहू, हिमांशु मिश्रा, राज तिवारी, रामजी माली, रमेश और विवेक अग्रहरी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *