करनाल जिले के असंध क्षेत्र के मुंड गांव में एक नाबालिग लड़की की पहचान और फोटो का दुरुपयोग कर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी आईडी पर लड़की की अश्लील फोटो लगाईं और उसे मैसेज व कॉल के जरिए धमकियां दीं। पीड़िता के भाई ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। महिला थाना असंध पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है। फर्जी आईडी बनाकर फोटो का दुरुपयोग
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी नाबालिग बहन के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई है। शिकायत के अनुसार, इस आईडी पर उसकी बहन की अश्लील फोटो लगाई जा रही हैं। इससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा और मान-सम्मान को ठेस पहुंच रही है। शिकायत करने पर धमकाने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी बहन ने संबंधित व्यक्ति से उसकी पहचान पूछते हुए पुलिस में शिकायत करने की बात कही थी। आरोप है कि इसके बाद व्यक्ति ने गाली-गलौज की और उसे बदनाम करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई कि आरोपी उसकी बहन की तस्वीरों का आगे भी गलत इस्तेमाल कर सकता है। घटना के कारण लड़की भय और मानसिक तनाव में है। फोटो हटवाने की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और फर्जी आईडी से आपत्तिजनक सामग्री हटवाने की मांग की है। पुलिस से लड़की की तस्वीरों के दुरुपयोग को रोकने की भी अपील की गई है। पुलिस ने किया मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक कनुप्रिया के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी की आईडी को चेक कर रही है ताकि उस तक पहुंचा जा सके और उसके खिलाफ पुलिस एक्शन ले सके।

