Ahmedabad. शहर में बचत मंडल और निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आया है। श्री चामुंडा माताजी मित्र मंडल के नाम से बचत और निवेश योजना शुरू कर लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने और भारी मुनाफा देने का लालच देकर 46.23 लाख से ज्यादा रकम की चपत लगाने की प्राथमिकी शहर क्राइम ब्रांच में दर्ज की गई। इस मामले में आर्थिक अपराध निवारण शाखा ने जांच शुरू की।
एफआइआर के अनुसार ठगी का खेल 1 मई 2022 से 20 मार्च 2026 के बीच अंजाम दिया गया। गोमतीपुर के दिनेश चौहान ने इस मामले में बापूनगर में गुजरात हाऊसिंग बोर्ड के मकान में रहने वाले प्रवीण लेउआ, कला लेउआ, कृष्णा लेउआ और जयकर परमार पर विश्वासघात का आरोप लगाया।
दिनेश के अनुसार उनकी सास पहले मजदूरी के सिलसिले में मुख्य आरोपी प्रवीण के घर जाया करती थीं। आरोपियों ने शर्मा कंसलटेंसी और श्री चामुंडा माताजी मित्र मंडल के नाम पर ऑफिस शुरू कर लोगों को निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा देना शुरू किया। शुरुआत में लोगों का भरोसा जीतने के लिए वे छोटी बचत के पैसे समय पर लौटा देते थे, जिससे पीड़ितों को उन पर पूरा विश्वास हो गया। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उनके परिवार से 34 लाख और उनकी सास के 12 लाख रुपए का निवेश कराया।
पैसे वापस मांगने पर ऑफिस बंद कर हुए फरार
जब परिवार को चिकित्सीय आपातस्थिति के चलते पैसों की जरूरत पड़ी और रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया। दिए गए चेक भी अपर्याप्त राशि (बाउंस) होने के कारण रिटर्न हो गए। इसके बाद आरोपी घर छोड़कर और बापूनगर में काकडि़या हॉस्पिटल के पास स्थित ऑफिस पर ताला लगाकर फरार हो गए। ऐसा कर आरोपियों ने 46 लाख रुपए से ज्यादा की चपत लगा दी। इस संबंध में प्राथिमकी दर्ज कर ली गई है। क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा मामले की जांच कर रही है।

