भिंड में एक किसान को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने किसान का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बदले 4 लाख रुपए मांगे गए। पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए लेने पहुंचे महिला और उसके साथी को देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, हरनाथपुरा निवासी 53 वर्षीय किसान को बेबी जाटव ने अपनी बातों में फंसाया। आरोप है कि महिला ने किसान के साथ संबंध बनाए और इस दौरान वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद बेबी ने विश्ववीर राजावत के साथ मिलकर किसान को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म व एससी-एसटी एक्ट के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 4 लाख रुपए मांगे। 50 हजार रुपए लेने पहुंचे, पुलिस ने पकड़ा 10 अक्टूबर को किसान ने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम बनाई। 11 अक्टूबर को सर्किट हाउस के पास पहली किस्त के 50 हजार रुपए लेने पहुंचे बेबी जाटव और विश्ववीर राजावत को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पहले भी हनी ट्रैप के मामले में जेल जा चुके हैं पुलिस के अनुसार, इस मामले में ममता बघेल और बबलू उपाध्याय के नाम भी सामने आए हैं। दोनों को मई में हनी ट्रैप के एक मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने फिर से गिरोह सक्रिय कर लिया। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने और कितने लोगों को निशाना बनाया है। पुलिस टीम ने की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। देहात थाना प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि हनी ट्रैप या ब्लैकमेलिंग का शिकार होने पर डरें नहीं और तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत करें।

