मुंबई में सड़क पर उतरे ठाकरे बंधु, पुलिस से टकराव के बीच आदित्य-तेजस का धरना, शिवसैनिकों की नारेबाजी से गरमाया माहौल

मुंबई में सड़क पर उतरे ठाकरे बंधु, पुलिस से टकराव के बीच आदित्य-तेजस का धरना, शिवसैनिकों की नारेबाजी से गरमाया माहौल

Mumbai Protest: मुंबई के दादर स्थित शिवसेना भवन के पास रविवार को प्रदर्शन के दौरान तनाव बढ़ गया। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विधायक आदित्य ठाकरे और तेजस ठाकरे सड़क पर धरने पर बैठ गए। मौके पर बड़ी संख्या में शिवसैनिक जुट गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

दरअसल, कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने रविवार शाम चार बजे दादर के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क में प्रदर्शन का आह्वान किया था। इसे देखते हुए पुलिस ने शिवाजी पार्क और आसपास के इलाकों में भारी बल तैनात किया था। मैदान की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी वहां पहुंचने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

महिला प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवक और युवतियां शामिल हुए। उन्होंने नारेबाजी करते हुए शिवाजी पार्क की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। कुछ युवतियां सड़क पर बैठ गईं और पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिसकर्मी कई महिला प्रदर्शनकारियों को पकड़कर पुलिस वैन तक ले गए।

अमित ठाकरे पहुंचे थाने

पुलिस की कार्रवाई के दौरान शिवसेना भवन के पास ठाकरे गुट के विधायक महेश सावंत और उनके समर्थक भी मौजूद थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने की कोशिश की। इसके बाद आदित्य ठाकरे और तेजस ठाकरे मौके पर पहुंचे और सड़क पर बैठ गए। उनके समर्थन में शिवसैनिकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी लेने शिवाजी पार्क पुलिस थाने पहुंचे। मनसे नेता संदीप देशपांडे भी शिवसेना भवन के पास मौजूद थे। प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के चलते इलाके में तनाव बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *